खुरई में 10वीं के छात्र ने फांसी लगाने की कोशिश, परिजनों ने समय रहते बचाया
खुरई। शहरी थाना क्षेत्र के रानी अवंतीबाई वार्ड स्थित पुराने जरवांस गांव में शनिवार रात एक किशोर द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही कमरे में फांसी लगाने की कोशिश की।
घटना उस समय सामने आई जब परिवार के एक सदस्य की नजर अचानक छात्र पर पड़ गई। परिजनों ने तुरंत फंदे से उतारकर उसकी जान बचाने की कोशिश की और बिना देर किए उसे खुरई के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर कर दिया गया। फिलहाल छात्र का इलाज सागर में जारी है।
परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले ही उसकी 10वीं कक्षा की परीक्षा समाप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं, मामले को लेकर अभी तक आत्महत्या के प्रयास के पीछे का कारण सामने नहीं आया है।








