बीएमसी में 13 वां देहदान पूर्ण सम्मान के साथ संपन्न, शांति बाई जैन के कॉर्निया सुरक्षित
सागर। बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में दो परिवारों ने नेत्रदान और देहदान का निर्णय लेकर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। बाहुबली कॉलोनी निवासी 90 वर्षीय शांति बाई जैन के निधन के बाद परिजनों ने उनका नेत्रदान कराया, वही गोपालगंज निवासी 62 वर्षीय स्व. अनीता जैन का पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिये बीएमसी के एनाटॉमी विभाग को समर्पित किया गया। बाहुबली कॉलोनी स्थित शांति सदन निवासी शांति बाई जैन का 3 सितंबर को निज निवास पर निधन हो गया था। निधन के बाद परिजनों ने डॉ. आजाद जैन के माध्यम से बीएमसी के नेत्र रोग विभाग से संपर्क किया। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे के निर्देशन में आई बैंक की टीम ने तत्काल पहुंचकर आवश्यक जांच और परिजनों की सहमति के बाद कॉर्निया सुरक्षित प्राप्त किये। जांच के बाद कॉर्निया को आई बैंक में सुरक्षित रखा गया। डॉ. प्रवीण खरे ने इस पुनीत कार्य के लिये जिनेंद्र जैन, नरेंद्र जैन, मनोज जैन, देवेंद्र जैन, रामवती जैन सहित सभी परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं 8 सितंबर को गोपालगंज निवासी स्व. अनीता जैन के निधन के बाद उनके पति सुनील जैन तथा पुत्र अकलंक जैन और निकलंक जैन ने पार्थिव शरीर को शिक्षण, प्रशिक्षण और चिकित्सा अनुसंधान के लिये बीएमसी के एनाटॉमी विभाग को समर्पित किया। महाविद्यालय प्रशासन ने परिजनों की इच्छा के अनुरूप पार्थिव शरीर को ससम्मान स्वीकार किया। शासकीय दिशा निर्देशों के अनुसार यह बीएमसी में 13 वां देहदान था। देहदान की प्रक्रिया पूर्ण प्रशासनिक औपचारिकताओं के साथ संपन्न की गई और दिवंगत देहदाता को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन, बीएमसी के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. अमर गंगवानी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. सौरभ जैन, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ शंकर रॉय सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा। विधायक शैलेंद्र जैन ने अनीता जैन के परिजनों के निर्णय की सराहना करते हुये कहा कि नेत्रदान और देहदान जैसे कार्य समाज के लिये प्रेरणादायी हैं। उन्होंने परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। बीएमसी प्रबंधन ने भी दोनों परिवारों के इस मानवीय और समाजोपयोगी योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
बीएमसी में 13 वां देहदान पूर्ण सम्मान के साथ संपन्न, शांति बाई जैन के कॉर्निया सुरक्षित
बीएमसी में 13 वां देहदान ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







