देवास/छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के सराफा कारोबारी से जुड़ी करोड़ों की चोरी का पर्दाफाश आखिरकार देवास पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने धार जिले के धरमपुरी क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गए पूरे 1.25 करोड़ रुपये बरामद कर लिए हैं। यह रकम सराफा व्यापारी के मुनीम से उस समय चोरी हुई थी, जब वह दीपावली से पहले सोने-चांदी की खरीददारी के लिए नकदी लेकर इंदौर जा रहा था।
कैसे हुई थी करोड़ों की चोरी
फरियादी आशीष गुप्ता, निवासी नौगांव (जिला छतरपुर) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, देवास में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका मुनीम नितेश कुमार सेन 16 अक्टूबर को महाकाल बस से लगभग ₹1.25 करोड़ नकद लेकर इंदौर के लिए रवाना हुआ था। यह रकम दीपावली के सीजन में सोना-चांदी खरीदने के लिए थी।
यात्रा के दौरान 17 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे बस थाना सोनकच्छ क्षेत्र के पप्पू एंड पप्पू रिसोर्ट पर रुकी। नितेश बस से नीचे उतरा, लेकिन जब वह वापस लौटा तो सीट पर रखा पैसों से भरा बैग गायब था। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अज्ञात बदमाशों ने बैग उठाया और सफेद रंग की कार में बैठकर फरार हो गए।
पुलिस की तत्परता और जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी उमेश जोगा और डीआईजी नवनीत भसीन ने देवास एसपी पुनीत गेहलोत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया और एसडीओपी दीपा माण्डवे के नेतृत्व में तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ बस और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति बैग चोरी करते हुए दिखाई दिए। इनकी पहचान मुखबिरों की मदद से धार जिले के धरमपुरी क्षेत्र के रहने वाले के रूप में हुई।
धरमपुरी से आरोपी दबोचा गया
देवास और धार पुलिस की संयुक्त टीम ने धरमपुरी में छापामार कार्रवाई करते हुए आरोपी नामदार पुत्र शहजाद खान, निवासी खेरवा जागीर, थाना मनावर (धार) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पूरी 1.25 करोड़ रुपये की राशि बरामद कर ली।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।








