कलेक्टरेट में आत्मदाह की कोशिश करने पहुंचे जनपद सदस्य, पुलिस ने समय रहते रोका
सागर। जनपद सदस्य फदाली अहिरवार ने मंगलवार दोपहर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, फदाली एक बैग में पेट्रोल की बोतल लेकर कार्यालय पहुंचे थे। पुलिस ने स्थिति को भांपते हुए उन्हें तत्काल पकड़ लिया और किसी भी गंभीर घटना को होने से रोक दिया।
फदाली अहिरवार सानौधा थाना क्षेत्र के पामाखेड़ी वार्ड क्रमांक-13 से जनपद सदस्य हैं। उनका कहना है कि न्याय न मिलने और पुलिस-प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने यह कदम उठाया।
पृष्ठभूमि: 27 अक्टूबर को दी थी आत्मदाह की चेतावनी
जनपद सदस्य ने बताया कि उन्होंने 27 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन देकर यह चेतावनी दी थी कि यदि उनके मामले में कार्रवाई नहीं होती है, तो वह आत्मदाह करेंगे। इसी क्रम में वह मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे पेट्रोल लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
अप्रैल 2025 की घटना जातिगत अपमान और रुपये छीने जाने का आरोप
फदाली अहिरवार ने बताया कि 23 अप्रैल 2025 की रात करीब 10 बजे पामाखेड़ी के सरपंच प्रतिनिधि राजाराम शर्मा ने उनसे मारपीट की, जातिगत गालियां दीं और जेब में रखे ₹5,000 छीन लिए।
उन्होंने इस घटना की शिकायत तुरंत सानौधा थाने में दर्ज कराई। इसके अलावा सागर एसपी और आईजी को भी दो-दो बार शिकायत की, लेकिन आरोप है कि छह महीने बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप
अहिरवार का दावा है कि सानौधा थाना प्रभारी उन पर मामले में समझौता करने का दबाव डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद एक जनप्रतिनिधि हैं, फिर भी पुलिस-प्रशासन की उदासीनता से वह बेहद आहत हैं और इसी कारण यह कदम उठाने की कोशिश की।
SDM ने सुनी बात, निष्पक्ष जांच का आश्वासन
घटना के बाद एसडीएम अमन मिश्रा मौके पर पहुंचे और फदाली अहिरवार से विस्तार से बातचीत की। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।








