बालाघाट। बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मठारी में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खतरनाक मोड़ ले लिया कि एक भाई ने अपनी ही बहन की जान ले ली। चांदी के लेनदेन पर लगातार हो रहे विवाद के चलते भाई द्वारा बहन की गर्दन पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
घटना सोमवार देर रात, शव अगले दिन मिला
सूत्रों के अनुसार, वारदात सोमवार देर रात की है। मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 42 वर्षीय मृतका सोनवतीबाई पति चैतराम धुर्वे का शव घर से बरामद किया।
प्रथम दृष्टया जांच में स्पष्ट हुआ कि हत्या कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर की गई। जिससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई।
चांदी के लेनदेन से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 10 से 12 साल पहले सोनवतीबाई ने अपने भाई पंचू पिता धरम सिंह परते को चांदी दी थी। पंचू ने वह चांदी बेच दी थी, जिसके बदले राशि लौटाने की मांग सोनवती कई वर्षों से लगातार करती आ रही थी।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो सोमवार को इतना बढ़ गया कि आरोपी भाई ने गुस्से में बहन की जान ले ली।
बहन के घर में ही रहता था आरोपी
पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि आरोपी इसी घर में बहन के साथ रहता था। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया था, जिससे मामले में और रहस्य बढ़ गया था।
24 घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
लगातार सर्च अभियान के बाद बुधवार को बिरसा पुलिस ने आरोपी पंचू परते को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ जारी है और देर शाम तक उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के बयानों और हत्या के पीछे छिपे अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रख रही है। गिरफ्तारी किस स्थान से की गई, इसे लेकर पुलिस ने कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
क्षेत्र में शोक और आक्रोश
अपनों के हाथों की गई इस निर्मम हत्या ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। परिजन और गांववासी इस घटना से सदमे में हैं और लोग विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि वर्षों पुराने लेनदेन के विवाद में एक भाई अपनी बहन की जान ले सकता है।








