सागर। शहर को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त बनाने के संकल्प के तहत नगर निगम ने शनिवार शाम नो पॉलीथिन, नो सिंगल यूज प्लास्टिक अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व में टीम ने नया बाजार सिंधी मार्केट इलाके में अचानक छापा मारा, जहां सिंगल यूज प्लास्टिक की अवैध बिक्री की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं।
कार्रवाई के दौरान हीरा नामक थोक व्यापारी की दुकान और गोदामों की तलाशी ली गई। यहां से लगभग 100 मिंटल सिंगल यूज प्लास्टिक और अमानक पॉलीथिन सामग्री बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। निगम टीम के साथ स्वच्छता विभाग, स्वास्थ्य शाखा और पुलिस बल मौजूद रहा।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि सरकार द्वारा पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग और व्यापार बड़े पैमाने पर जारी है। इसे रोकना अब प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि माइक्रोप्लास्टिक पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए गम्भीर खतरा बन चुका है और कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों की जड़ इसी प्लास्टिक प्रदूषण से जुड़ रही है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शहर की नालियों में मिलने वाला कचरा मुख्य रूप से पॉलीथिन और डिस्पोजल सामग्री होती है, जिसके कारण जलभराव, दुर्गंध और संक्रमण की समस्या बढ़ती जा रही है। इसी वजह से अभियान में अब कार्रवाई के साथ नागरिक जागरूकता पर भी जोर दिया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान उपस्थित नया बाजार के व्यापारियों ने निगमायुक्त को आश्वासन दिया कि वे आगे से सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री नहीं करेंगे और पर्यावरण हित में वैकल्पिक उत्पादों को अपनाएंगे।
निगमायुक्त ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की प्लास्टिक डिस्पोजल, कप, प्लेट, ग्लास और पॉलिथिन का उपयोग बंद करें
कपड़े के थैले, पेपर पैकिंग और पर्यावरण अनुकूल सामग्री को बढ़ावा दें
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में नगर निगम सेल्फ हेल्प ग्रुप और गृह उद्योगों के माध्यम से कपड़े के थैले और पेपर पैकिंग की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा, ताकि हर घर तक प्लास्टिक के सुरक्षित विकल्प पहुंच सकें।
अंत में निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी
शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर भविष्य में भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








