शादी की खुशियां मातम में बदलीं: कुएं में डूबने से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत
सागर/खुरई। देहात थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। परिवार में होने वाली शादी में शामिल होने आये दो चचेरे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक बचपन से ही साथ रहते थे और हर गतिविधि में एक-दूसरे का साथ निभाते थे। यह घटना खुरई देहात थाना के बम्होरी नवाब गांव में हुई। मृतकों की पहचान अभिषेक पिता हल्कई आदिवासी 18 और रूपसिंह पिता बाबूलाल आदिवासी 18 के रूप में हुई है। दोनों गांव के पास बने एक कुएं में नहाने गये थे, जहां वे डूब गये। प्रारंभिक आशंका है कि नहाते समय एक युवक डूबने लगा होगा और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भी पानी में समा गया, जिससे दोनों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही बरोदिया नोनागिर पुलिस चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक अभिषेक आदिवासी अपने माता-पिता के साथ कुछ समय पहले भोपाल चला गया था, जहां उसके पिता मजदूरी करते थे। वह अपने बड़े पिता के लड़के की शादी में शामिल होने के लिये परिवार सहित गांव आया था। बरोदिया नोनागिर चौकी प्रभारी मथुरा प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








