Shahgarh Hospital Ambulance News: टायर नहीं मिलने से 7 दिन से बंद पड़ी हैं दोनों एंबुलेंस, मरीजों को हो रही देरी

सागर/शाहगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ की एंबुलेंस सेवा इन दिनों खुद ही परेशानी में है। दोनों एंबुलेंसों के टायर पूरी तरह खराब हो जाने के कारण पिछले सात दिनों से इनके पहिये थमे हुये हैं। नये टायर उपलब्ध नहीं होने के कारण एक एंबुलेंस पेट्रोल पंप के पास तो दूसरी मुक्तिधाम के समीप खड़ी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दोनों एंबुलेंस के संचालन में बाधा आने के बावजूद मरीजों को किसी तरह की बड़ी परेशानी नही होने दी जा रही है। मरीजों को लाने ले जाने के लिये वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। हालांकि एंबुलेंस उपलब्ध होने में कुछ देरी जरूर हो रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस उपलब्ध हैं, केवल शाहगढ़ की दो एंबुलेंस ही टायर खराब होने से प्रभावित हैं। एंबुलेंस चालक ने बताया कि खराब टायरों के कारण वाहन चलाने में लगातार परेशानी आ रही थी। कई बार रास्ते में टायर पंचर होने जैसी समस्यायें सामने आई, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती थी। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुये फिलहाल दोनों एंबुलेंसों को खड़ा किया गया है। विभाग का दावा है कि वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से आपातकालीन सेवायें जारी रखी जा रही हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से एंबुलेंसों में जल्द नये टायर उपलब्ध कराकर उन्हें चालू किया जाना चाहिये, ताकि आपात स्थिति में किसी तरह की परेशानी न हो।








