22 दिन जिंदगी से जंग हार गया युवक, गुस्साए परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम
सागर/बीना। गुरुदीप सिंह की जीत ट्रांसपोर्ट दुकान की छत से गिरकर घायल हुये 28 वर्षीय कर्मचारी की भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार शाम शव बीना पहुंचते ही गुस्साये परिजन और समाज के लोगों ने गांधी चौराहा पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे शहर के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। शाम करीब 5.15 बजे से 6.30 बजे तक लोगों ने प्रदर्शन किया। भगतसिंह वार्ड निवासी सोहन 28 पिता प्रीतम अहिरवार 2 जुलाई को शिवाजी वार्ड स्थित एक दुकान की छत पर पानी की टंकी साफ कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और सिर में गंभीर चोट आई। बीना और सागर में प्राथमिक इलाज के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया था, जहां 22 दिन चले इलाज के बाद शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। सोहन की मौत की खबर से दुखी परिजनों और समाज के लोगों ने दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर गांधी चौराहा पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर रस्सियां बांधकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे झांसी फाटक ब्रिज, स्टेशन मार्ग और सागर फाटक की ओर भारी वाहनों व राहगीरों का आवागमन ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बीना थाना प्रभारी अनूप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाते हुये बताया कि मृत्यु भोपाल में हुई है, इसलिये वहां से मर्ग डायरी प्राप्त होते ही नियमानुसार निष्पक्ष और सख्त कार्यवाही की जायेगी। पुलिस के इस लिखित आश्वासन और समझाइश के बाद परिजन ने प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।








