लूट और चाकूबाजी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
सागर। लूट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को थाना मोतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भेज दिया। यह कार्यवाही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार 17 जून को ग्राम रिछावर थाना सानौधा निवासी मनीष सोनी ने थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि वह सोना चांदी के फुटकर व्यापार के लिये बड़ा बाजार में सामान खरीदने आया था और उसके पास 35 हजार रुपये नगद थे। शाम करीब 4.30 से 5 बजे के बीच गुलाब बाबा मंदिर के पास ऑटो और मोटरसाइकिल से आये आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुये चाकू से हमला कर घायल कर दिया और उसकी जेब में रखे 35 हजार रुपये नगद तथा आधार कार्ड की फोटो प्रति लूटकर फरार हो गये थे। मामले में थाना मोतीनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों ओम कोरी, निखिल बंसल और नीलेश बंसल को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया था। वही घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी सोनू बच्चा उर्फ राज बाल्मीकि लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की सहायता से फरार आरोपी सोनू बच्चा उर्फ राज बाल्मीकि 19 वर्ष निवासी संत कबीर वार्ड को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, विमल परस्ते, दीपक, दिनेश, सुनील, सत्येंद्र एवं अनुराग की भूमिका रही।








