पेयजल व्यवस्था बदहाल, कई वार्डों में सप्ताह भर से नहीं पहुंचा पानी
लीकेज और अवैध कनेक्शनों से बढ़ी समस्या, नागरिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सागर/केसली। नगर में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई वार्डों में पिछले एक सप्ताह से नलों में पानी नहीं पहुंचा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में पांच से छह दिन के अंतराल पर जलापूर्ति हो रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच पानी की कमी से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिये उन्हें दूर-दूर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। नगर की पानी टंकी से विभिन्न वार्डों तक जाने वाली पुरानी पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण जगह-जगह लीकेज से बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ बह रहा है। नागरिकों के अनुसार जलापूर्ति शुरू होने के बाद कई बार टंकी का पानी बीच रास्ते में ही समाप्त हो जाता है, जिससे कई वार्डों तक पानी नहीं पहुंच पाता। लोगों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित कर्मचारियों और ग्राम पंचायत प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। नगरवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य पाइपलाइन से कई स्थानों पर अवैध जल कनेक्शन कर लिये गये हैं, जिसके कारण नियमित उपभोक्ताओं तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत कराई जाये, लीकेज पर नियंत्रण किया जाये और अवैध जल कनेक्शनों की जांच कर कार्यवाही की जाये। नागरिकों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिये। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिये मजबूर होंगे।








