पुलिस टीम पर हमला, हेड कांस्टेबल घायल
जंगल में गुरियों की खुदाई कर रहे थे डेढ हजार लोग, पुलिस ने भगाया तो किया पथराव
सागर। देवरी थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम सिंगपुर गंजन के राजा बाबा जंगल में लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की गई। पथराव में हेड कांस्टेबल घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और भीड़ को खदेड़ा। घायल प्रधान आरक्षक को देवरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार सिंगपुर गंजन के राजा बाबा जंगल में पिछले करीब 10 दिनों से गुरिया समेत कुछ प्राचीन पत्थर निकल रहे हैं। जिनकी खुदाई करने के लिये बड़ी संख्या में लोग रोजाना पहुंच रहे हैं। वन विभाग ने जंगल में खुदाई कर रहे लोगों को रोका, लेकिन वे नहीं माने। जिसके बाद वन विभाग ने देवरी थाने में शिकायती आवेदन दिया था। शिकायत पर शनिवार को देवरी पुलिस की टीम राजा बाबा जंगल में पहुंची। मौके पर करीब डेढ हजार लोग अलग-अलग स्थानों पर खुदाई कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें खुदाई बंद कर अपने-अपने घर जाने का बोला, कुछ लोग मौके से चले गये, लेकिन कुछ लोग नहीं माने। उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में प्रधान आरक्षक राजा सिंह 47 वर्ष घायल हुये। पुलिस वाहन के कांच टूटे हैं। घटना क्रम की सूचना मिलते ही एसडीएम मुनव्वर खान, एसडीओपी अरुण उईके टीम के साथ मौके पर पहुंचे, भीड़ को खदेड़ा। देवरी थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि वन विभाग ने सूचना दी थी कि सिंगपुर के जंगल में अवैध खुदाई हो रही है, बड़ी संख्या में लोग जंगल में है। सूचना पर पुलिस टीम उन्हें हटाने के लिये पहुंची थी, जहां भीड़ ने पथराव किया। जिसमें प्रधान आरक्षक चोटिल हुये हैं। हालांकि उन्हें मामूली चोट आई है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस टीम पर हमला, हेड कांस्टेबल घायल जंगल में गुरियों की खुदाई कर रहे थे डेढ हजार लोग, पुलिस ने भगाया तो किया पथराव
पुलिस टीम पर हमला, हेड ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







