बहरोल में आदिवासी युवक की मौत पर बवाल, परिजनों ने पुलिस पर लगाये मारपीट के आरोप
सागर/बण्डा। बहरोल थाना क्षेत्र में एक आदिवासी युवक की मौत के बाद बुधवार को क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक शेरे आदिवासी के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्यवाही और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले पुलिस द्वारा कथित रूप से शेरे आदिवासी के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद उनका उपचार चल रहा था और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी होने की बात कही है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पूर्व कांग्रेस विधायक तरवर सिंह लोधी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जानी चाहिये। प्रदर्शन में जयस के प्रदेश अध्यक्ष सोनू रावत भी शामिल हुये। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज पर अत्याचार की घटनायें लगातार सामने आ रही हैं और जब तक शेरे आदिवासी के परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेता राजेश सिंह ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुये कहा कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिये यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।








