पति-पत्नी के झगड़े ने छीनी तीन साल के मासूम की जान, पिता पुलिस हिरासत में
बण्डा के देवपुरा वार्ड की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करेगी पुलिस
सागर/बण्डा। नगर के देवपुरा वार्ड में पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। विवाद के दौरान तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के पिता को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवपुरा वार्ड निवासी पवन लोधी शराब पीने का आदी बताया जाता है। आरोप है कि वह नशे की हालत में अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा करता था। इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत दर्ज हो चुकी थी, जिस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी।
बताया गया है कि घटना वाली रात भी पवन लोधी शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। उसी समय उनका तीन वर्षीय बेटा गौरव पास में सो रहा था। विवाद के दौरान पवन का संतुलन बिगड़ गया और वह बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। उसके शरीर का वजन और घुटने का दबाव मासूम पर पड़ने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे के पिता को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।








