5 टन सरिया चोरी से मचा हड़कंप, 23 घंटे में पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी; 6.83 लाख का मशरूका बरामद
सागर : लोहे के सरिया चोरी के मामले में राहतगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये एफआईआर दर्ज होने के महज 23 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 6.83 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब तीन टन चोरी का सरिया एवं वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को माधव इन्फ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी के लायजनिंग कर्मचारी ब्रजकिशोर तिवारी ने थाना राहतगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि राहतगढ़-बेरखेड़ी रोड स्थित कंपनी के स्टील यार्ड में रखा करीब पांच टन लोहे का सरिया अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अति. पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में थाना प्रभारी राहतगढ़ निरीक्षक मुकेश सिंह ठाकुर ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुये भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाये। साइबर सेल की सहायता से प्राप्त जानकारी और लगातार की गई कार्यवाही के आधार पर पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं कार्यवाही के दौरान चोरी के सरिया और घटना में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी की गई। पुलिस ने मामले में बंटी सिंह सरदार सिकलागर पिता रामसिंग 37 वर्ष एवं शनि सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार सिकलागर पिता बलजीत सिंह 33 वर्ष को गिरफ्तार किया है। दोनों निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली तथा वर्तमान में वार्ड क्र.13 राहतगढ़ में निवासरत बताये गये हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब तीन टन लोहे का सरिया, जिसकी कीमत लगभग 1.83 लाख तथा वारदात में प्रयुक्त पुरानी इस्तेमालशुदा कार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख बरामद की गई है। इस प्रकार कुल करीब 6.83 लाख रुपये का मशरूका बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल बताये जा रहे अब्बास मुसलमान, राहुल, अमर सिंह, ड्राइवर सतीश एवं रोहित सिंह की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा चोरी किये गये शेष सरिया एवं घटना में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में लगातार पतारसी की जा रही है, मामले में विवेचना जारी है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ठाकुर, कमलेश सेंगर, बदन सिंह, सुरेंद्र सिंह, भगवानदास, रणवीर सिंह, हरिसिंह राजपूत, मणिशंकर मिश्रा, सुजीत चौरसिया, रमेश कुमार, ज्ञानचंद, वैभव शुक्ला, जितेंद्र सोलंकी, केशलाल मार्को, अजय कंसाना, अभिषेक रघुवंशी, राजा अहिरवार, रामेश्वर, अरविंद अहिरवार, सतीश कुमार, निपेंद्र, पूरन यादव की भूमिका रही।








