भीषण सड़क हादसाः कंटेनर ने ईको कार को मारी जोरदार टक्कर, आठ घायल, चार की हालत गंभीर, बीएमसी रेफर
सागर/मालथौन। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के सागर-ललितपुर मार्ग पर थाना मालथौन क्षेत्र के अटाकर्नेलगढ़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने सामने से आ रही ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार आठ लोग घायल हो गये, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बीएमसी सागर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिये स्थानीय लोगों को गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकालना पड़ा। सूचना मिलने पर हाईवे की 1033 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालथौन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएमसी सागर रेफर किया गया। घायलों को बीएमसी सागर रेफर किये जाने के बाद समय पर सरकारी 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके चलते परिजनों एवं स्थानीय लोगों को निजी वाहनों की मदद से घायलों को सागर ले जाना पड़ा। जानकारी के अनुसार घायल मालथौन के समीप सलैया गांव के निवासी हैं और उप्र के बानपुर से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अटाकर्नेलगढ़ के पास सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में फरार कंटेनर को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे में कार चालक गोलू यादव निवासी सीपुरखास थाना मालथौन तथा रामदयाल लोधी, मेहरबान लोधी, रुपेश लोधी एवं तिलक लोधी, निवासी ग्राम सलैया थाना बालाबेहट जिला ललितपुर उत्तर प्रदेश के घायल होने की जानकारी है। पुलिस द्वारा हादसे की जांच की जा रही है।
भीषण सड़क हादसाः कंटेनर ने ईको कार को मारी जोरदार टक्कर, आठ घायल, चार की हालत गंभीर, बीएमसी रेफर
भीषण सड़क हादसाः कंटेनर ने ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







