सागर में चलती 108 एंबुलेंस में लगी आग, मची अफरा-तफरी; डायल-112 टीम ने फायर एक्सटिंग्विशर से बुझाई
सागर। मोतीनगर चौराहे पर मंगलवार शाम करीब 7.20 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती हुई 108 एंबुलेंस के इंजन क्षेत्र में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैटरी में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की बात सामने आई है। एंबुलेंस में आग लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच घटना की सूचना डायल.112 को मिली। सूचना मिलते ही डायल.112 की एफआरव्ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुये आग बुझाने की कार्यवाही शुरू की। एफआरव्ही में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से पायलट सज्जाद खान ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुये आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वही आरक्षक मधुर दुबे ने मौके पर आवश्यक सहयोग एवं समन्वय करते हुये स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डायल.112 टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते एंबुलेंस में लगी आग को समय रहते बुझा लिया गया। समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो एंबुलेंस में मौजूद ईंधन और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग के विकराल रूप लेने की आशंका थी, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।








