सागर में दर्दनाक तस्वीर: घायल 8 साल की बेटी को गोद में लेकर जनसुनवाई पहुंचा मजदूर पिता, बोला- इलाज में मदद चाहिए
स्कूल से घर लौटते समय सड़क हादसे में घायल हुई 8 साल की मासूम बेटी को उसका मजदूर पिता मंगलवार दोपहर 1 बजे गोद में उठाकर कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचा। पिता ने अधिकारियों के सामने हादसे की जानकारी देते हुए आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को मदद दिलाने की गुहार लगाई।
जानकारी के मुताबिक बीना के देहरी रोड स्थित शिवधाम कॉलोनी निवासी जितेंद्र प्रजापति मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। जितेंद्र ने बताया कि 10 जुलाई को उनकी 8 साल की बेटी वैष्णवी स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान देहरी रोड पर मेडिकल के सामने तेज रफ्तार पल्सर चालक ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकला। हादसे में बेटी सड़क पर गिरकर घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराय गया।
मजदूरी से परिवार चलाने वाले जितेंद्र के लिए बेटी के इलाज का खर्च उठाना भी चुनौती बना हुआ है। इसी परेशानी के चलते वह मंगलवार को अपनी घायल बेटी को गोद में लेकर जनसुनवाई में पहुंचे और प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही इलाज में आर्थिक मदद दिलाने की मांग की।








