NEET UG-2026 काउंसलिंग के लिए कॉलेजों की सूची जारी, MBBS के लिए 20 सरकारी और 15 निजी मेडिकल कॉलेज शामिल
भोपाल। मध्य प्रदेश में NEET UG-2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग को लेकर चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (DME) ने मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। मंगलवार को जारी सूची के मुताबिक प्रदेश के कुल 47 सरकारी और निजी चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा संस्थानों को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल किया गया है। इनमें MBBS पाठ्यक्रम के लिए 20 सरकारी और 15 निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।
MBBS में इन मेडिकल कॉलेजों को मिली जगह
राज्य की सूची में प्रदेश के प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों को शामिल किया गया है। इनमें गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल, जीआरएमसी ग्वालियर, एमजीएम इंदौर, एनएससीबी जबलपुर, एसएसएमसी रीवा और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर प्रमुख हैं।
इसके अलावा दतिया, विदिशा, रतलाम, खंडवा, शहडोल, छिंदवाड़ा, शिवपुरी, सतना, मंदसौर, सिवनी, नीमच, श्योपुर और सिंगरौली के मेडिकल कॉलेज भी सूची में शामिल हैं। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज इंदौर को भी MBBS काउंसलिंग में स्थान दिया गया है।
वहीं निजी मेडिकल कॉलेजों में भोपाल के चिरायु, पीपुल्स, एलएन, आरकेडीएफ, महावीर और राम कृष्णा मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थान काउंसलिंग प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।
BDS के लिए 12 डेंटल कॉलेज शामिल
डेंटल पाठ्यक्रम यानी BDS के लिए इंदौर स्थित सरकारी दंत चिकित्सा महाविद्यालय को सूची में शामिल किया गया है। इसके साथ ही भोपाल समेत प्रदेश के अलग-अलग शहरों में संचालित 11 निजी डेंटल कॉलेज भी राज्य स्तरीय काउंसलिंग में भाग लेंगे।
DME की ओर से जारी यह सूची NEET UG-2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कॉलेजों की उपलब्धता की जानकारी मिलने के बाद उम्मीदवार अपनी पसंद के संस्थानों का चयन करते हुए चॉइस फिलिंग कर सकेंगे।








