होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
On:

सागर में स्कूल मार्ग की बदहाली पर छात्राओं का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में रोपे धान के पौधे

सागर में स्कूल मार्ग की ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

सागर में स्कूल मार्ग की बदहाली पर छात्राओं का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में रोपे धान के पौधे

दो साल से कच्ची सड़क, बारिश में दलदल बना रास्ता; छात्राओं ने कहा- जल्द सुधार नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन

सागर। देवरी नगर से लगे जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा स्थित शास. कन्या उच्च. माध्य. विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश के बाद मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भरने से सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। विद्यालय आने-जाने में छात्राओं और शिक्षकों को हो रही परेशानी को लेकर छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं के साथ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने सड़क के गड्ढों में भरे पानी के बीच धान के पौधे रोपकर जिम्मेदारों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया। छात्राओं का कहना है कि विद्यालय मार्ग की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत और प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत एवं ज्ञापन दिये जा चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बारिश के दिनों में कीचड़ और पानी के बीच से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। इससे छात्राओं की स्कूल ड्रेस खराब होने के साथ ही फिसलने और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने कहा कि मुख्य सड़क से विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग पूरी तरह कच्चा है। बारिश होते ही जगह-जगह बने गड्ढों में पानी जमा हो जाता है। छात्राओं ने कहा कि समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिये गड्ढों में धान रोपकर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है। उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि विद्यालय तक सुरक्षित और सुगम पहुंच मार्ग की मांग को जिम्मेदारों तक पहुंचाना है। विद्यालय की छात्रा मसीरा खान ने बताया कि मुख्य सड़क से स्कूल तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से कच्चा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से छात्राओं को काफी परेशानी होती है। कई बार समस्या को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिया गया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। कक्षा 10वीं की छात्रा शिखा स्वामी ने बताया कि करीब दो वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। सड़क निर्माण के लिये ग्राम पंचायत को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। यदि जल्द सड़क का निर्माण या स्थायी सुधार नहीं किया गया तो छात्रायें विद्यालय के सामने बैठकर आंदोलन करने के लिये मजबूर होंगी। विद्यालय के शिक्षक अमन शर्मा ने बताया कि बारिश के दौरान मार्ग के गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल आने-जाने वाली छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी होती है। करीब दो वर्ष पहले भी विद्यालय प्रबंधन की ओर से सड़क की समस्या को लेकर लिखित शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्रायें आती हैं, इसलिये मार्ग का दुरुस्त होना आवश्यक है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत कांसखेड़ा की सरपंच मोनू पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। मामले को लेकर देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने कहा कि विद्यालय मार्ग की समस्या और छात्राओं के प्रदर्शन की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत से चर्चा कर जल्द सड़क को दुरुस्त कराने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All