सागर में त्योहारों पर बदलेगा ट्रैफिक प्लान: कटरा क्षेत्र में वाहनों की एंट्री पर रोक
ईद मिलादुन्नबी पर 26 अगस्त और रक्षाबंधन पर 27-28 अगस्त को लागू रहेगा प्रतिबंध, भीड़ बढ़ने पर अवधि बढ़ाई जा सकती है
सागर। ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों और धार्मिक स्थलों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। कटरा बाजार, गुजराती बाजार, साबूलाल मार्केट, नमक मंडी, राधा तिराहा, तीन मढ़िया और घंसू मुंशी मस्जिद क्षेत्र में त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है।
ईद मिलादुन्नबी के दिन 26 अगस्त को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक कटरा क्षेत्र में तीन पहिया वाहन, जिनमें ऑटो, आपे और इलेक्ट्रिक ऑटो शामिल हैं, के साथ चार पहिया तथा मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

वहीं, रक्षाबंधन के अवसर पर 27 और 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक इन्हीं श्रेणी के वाहनों को कटरा क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार यदि किसी समय भीड़ अधिक बढ़ती है तो प्रतिबंध की अवधि निर्धारित समय से आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
इन मार्गों से भी नहीं मिलेगी एंट्री
यातायात प्रतिबंध के दौरान तीन मढ़िया, राधा तिराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड, कोतवाली थाना परिसर, राहतगढ़ वनवे और मोतीनगर चौराहा से बड़ा बाजार होते हुए कटरा क्षेत्र की ओर जाने वाले प्रतिबंधित वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा कटरा से तीन बत्ती तक सड़क पर स्थायी रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन मालिक अपने वाहन म्युनिसिपल स्कूल या निजी पार्किंग स्थल पर खड़े कर सकेंगे। यदि वाहन सड़क पर खड़े मिले तो यातायात पुलिस उन्हें क्रेन की मदद से हटवा सकती है। इस दौरान वाहन को होने वाली किसी भी संभावित क्षति की जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी।
दोपहिया और इमरजेंसी वाहनों को छूट
यह यातायात व्यवस्था दोपहिया वाहनों पर लागू नहीं होगी। इसके अलावा एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों सहित आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।
यातायात पुलिस सागर ने शहरवासियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान लागू किए गए इन प्रतिबंधों और यातायात निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने नागरिकों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है।








