मायके से पत्नी को विदा कराकर घर लाया था राजा बाबू, रात में विवाद के बाद किया हमला; गंभीर हालत में ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर
छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में पारिवारिक विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हंसिए से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी के गले और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पति ने उसी हंसिए से अपनी गर्दन पर भी कई बार हमला कर खुदकुशी की कोशिश की। घटना बंसिया थाना क्षेत्र की नेहरा ग्राम पंचायत के मोती पुरवा गांव की है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मोती पुरवा निवासी सियाप्यारी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके पति राजा बाबू केवट (30) पर है। घटना में गंभीर रूप से घायल राजा बाबू को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज पुलिस हिरासत में चल रहा है।
पत्नी को मायके से विदा कराकर घर लाया था
परिजनों ने बताया कि राजा बाबू की शादी पन्ना जिले के मुहाना गांव निवासी सियाप्यारी से हुई थी। रविवार को राजा बाबू अपनी ससुराल मुहाना गया था। वहां से पत्नी को विदा कराकर वह उसे मोती पुरवा स्थित अपने घर लेकर आया था।
रात में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद राजा बाबू ने घर में रखे हंसिए से सियाप्यारी पर हमला कर दिया। उसने पत्नी के गले और शरीर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और सियाप्यारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद खुद की गर्दन पर भी किए वार
पत्नी पर हमला करने के बाद राजा बाबू ने उसी हंसिए से अपनी गर्दन पर भी कई वार कर लिए। घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग वहां पहुंचे। मौके पर सियाप्यारी खून से लथपथ हालत में मृत पड़ी थी, जबकि राजा बाबू गंभीर रूप से घायल मिला।
परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
राजा बाबू के भाई बब्लू ने बताया, “रात करीब 1 बजे भाई ने पत्नी को मार दिया। वजह हमें नहीं पता। हम पुलिस के साथ भीतर गए तो महिला का गला पूरा कटा मिला। पास में हंसिया रखा था। दोनों में कुछ रहा होगा। परिवार में 9, 7 और 6 साल के तीन बच्चे हैं।”
पुलिस ने घटनास्थल से हंसिया किया जब्त
घटना की जानकारी मिलने के बाद बंसिया थाना पुलिस रात में ही मोती पुरवा गांव पहुंच गई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हंसिया भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह पारिवारिक विवाद सामने आई है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
गर्दन पर चोट के कारण बोल नहीं पा रहा था राजा बाबू
गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण राजा बाबू बोलने की स्थिति में नहीं था। पुलिस ने जब घटना को लेकर उससे जानकारी लेने की कोशिश की तो उसने पेन और कागज के जरिए लिखकर अपनी बात बताई। अपने लिखित बयान में राजा बाबू ने बताया कि उसकी शादी करीब 13 साल पहले हुई थी।
राजा बाबू ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाते हुए लिखा कि वह लगातार उसे धोखा दे रही थी और उसका किसी अन्य व्यक्ति से अफेयर था। उसने यह भी दावा किया कि तीनों बच्चे उसके नहीं हैं। इसके बावजूद उसने बच्चों का पालन-पोषण किया और परिवार की जिम्मेदारी निभाता रहा।
पति का दावा- पत्नी से जान का खतरा था
राजा बाबू ने अपने लिखित बयान में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उससे झूठ बोलती थी और कई बार उसे मारने की कोशिश कर चुकी थी। उसने यह भी दावा किया कि पत्नी उसकी हत्या की साजिश कर रही थी।
राजा बाबू के मुताबिक, उसे डर था कि उसकी पत्नी उसकी जान ले सकती है। इसी आशंका में, जब उसे लगा कि पत्नी उसे मार सकती है, तो उसने पहले ही उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि पत्नी को लेकर लगाए गए ये सभी आरोप घायल पति ने अपने लिखित बयान में किए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








