पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी को मार डाला, घरेलू विवाद में की हत्या,बचाने आये बेटे को भी पीटा, आरोपी फरार
सागर। मालथौन वार्ड क्रमांक 2 स्थित आदिवासी मोहल्ले में एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार दोपहर को इस मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रीती आदिवासी के रूप में हुई है। उसका पति अशोक आदिवासी घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिये परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी अशोक आदिवासी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के दौरान महिला का बेटा अपनी मां को बचाने के लिये पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी ने मोहल्ले के लोगों को भी धमकाया और मौके से फरार हो गया। आरोपी की धमकी के कारण लोग महिला को बचाने के लिये तत्काल आगे नहीं आ सके। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक आदिवासी शराब पीने का आदी था। नशे की हालत में वह पत्नी के साथ आये दिन विवाद और मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी वह शराब के नशे में था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई और आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सूचना मिलने के बाद मालथौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के बेटे और अन्य परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाये। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। पुलिस ने घटना के चश्मदीदों और साक्षियों के बयान दर्ज किये हैं। मालथौन थाना प्रभारी दिनेश भोजक ने बताया कि बड़ा आदिवासी मोहल्ले में एक महिला घायल अवस्था में घर के अंदर पड़ी है और उसके पति ने उसके साथ मारपीट की है। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला मृत मिली। प्रारंभिक कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। साक्षियों के बयानों के आधार पर आरोपी अशोक आदिवासी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है।








