नयागांव में वन विभाग की छापामार कार्रवाई, सागौन के 81 नग चिरान जब्त
सागर। वन परिक्षेत्र केसली, वन मंडल दक्षिण सागर द्वारा अवैध वनोपज एवं लकड़ी के भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुख्य वन संरक्षक सागर रिपुदमन सिंह भदौरिया, वन मंडलाधिकारी दक्षिण सागर वरुण यादव एवं उप वनमंडलाधिकारी देवरी रेखा पटेल के मार्गदर्शन में वन अपराधों में संदिग्ध लोगों की पहचान कर जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर को वन विभाग की टीम ने ग्राम नयागांव में ब्रजेश यादव पिता प्यारेलाल यादव के फर्नीचर मार्ट एवं दुकान से लगे घर के कमरों में छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान मौके से अवैध रूप से संग्रहित सागौन लकड़ी के 81 नग चिरान बरामद किये गये। इनकी कुल मात्रा लगभग 0.652 घन मीटर बताई गई है। वन विभाग ने लकड़ी को जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में ले लिया है। मामले में नियमानुसार वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान वन रक्षक चीलगढ़-डूंगरिया आशीष सैनी, वन परिक्षेत्र अधिकारी अभय दुबे, निशी साहू, राजबहादुर तिवारी सहित वन परिक्षेत्र केसली एवं गौरझामर का स्टाफ मौजूद रहा।








