कम ऊंचाई की पुलिया बनी परेशानी, पानी उतरने तक रास्ते में रुके स्कूली बच्चे
सागर/जैसीनगर। शुक्रवार दोपहर करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद सागौनी पुरैना मार्ग पर स्थित मुख्य पुलिया पानी में डूब गई। जैसीनगर-भापेल मुख्य मार्ग से ग्राम सागौनी पुरैना को जोड़ने वाले रास्ते पर बनी इस पुलिया के ऊपर पानी बहने लगा, जिसके चलते कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
बारिश तेज होने के साथ पुलिया के ऊपर पानी का बहाव बढ़ गया। इसी दौरान स्कूल से घर लौट रहे बच्चों को पुलिया के दूसरी तरफ रुकना पड़ा। पानी का स्तर कम होने का इंतजार करने के बाद ही वे आगे निकल सके। इस स्थिति के कारण ग्रामीणों को भी आने-जाने में परेशानी हुई।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया की ऊंचाई कम होने के कारण बारिश के दौरान थोड़ी मात्रा में पानी आने पर भी उसके ऊपर से बहाव शुरू हो जाता है। ऐसे में बारिश बढ़ने पर मार्ग से आवागमन रोकना पड़ता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिया को ऊंचा किए जाने से बारिश के दौरान रास्ता बंद होने की समस्या कम होगी और स्कूली बच्चों के साथ ग्रामीणों को भी आवागमन में राहत मिल सकेगी।








