एक साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार, भेजा उपजेल रहली
सागर। अवैध शराब बिक्री के आबकारी एक्ट के प्रकरण में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गौरझामर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किये जाने के बाद आदेशानुसार उपजेल रहली भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले में फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी एवं वारंटों की तामीली के लिये अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी देवरी अरुण उईके के मार्गदर्शन में गौरझामर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि न्यायालय देवरी द्वारा प्रकरण क्र. 86/19 में जारी स्थाई वारंट का वांछित आरोपी प्रकाश उर्फ ओमप्रकाश पिता रामनारायण राठौर 46 निवासी पटनागंज रहली अपने घर के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय देवरी के समक्ष पेश किया, जहां से उसे उपजेल रहली भेजने के आदेश दिये। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर फारुकी, शैलेन्द्र पाण्डेय, अभिषेक, दुर्गेश, शिवप्रताप की भूमिका रही।







