सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आदिवासी महिला को जमीन का कब्जा दिलाया,रोवर मशीन से नपती करवाकर, पत्थर की मुंडियां गड़वाकर ट्रैक्टर से कराई खेत की जुताई
सागर/मालथौन। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के परिपालन में मंगलवार को मालथौन तहसील अंतर्गत ग्राम चक्र बगोनिया में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुये आदिवासी महिला को उसकी कृषि भूमि का कब्जा दिलाया। कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया की मौजूदगी में खसरा नंबर 70 की रोवर मशीन से नपती कराकर भूमि की सीमायें निर्धारित की गई। इसके बाद सीमांकन के आधार पर पत्थर की मुंडियां गड़वाई गई और ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराकर आवेदिका मालती आदिवासी को मौके पर कब्जा सौंपा गया। बताया गया कि एक आपराधिक प्रकरण में पूर्व जनपद अध्यक्ष गोविंद सिंह राजपूत की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मालती आदिवासी की कृषि भूमि का सीमांकन कराकर उन्हें कब्जा दिलाने के निर्देश दिये थे। न्यायालय ने सीमांकन और कब्जा दिलाने की कार्रवाई कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में कराने के निर्देश दिये थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में कलेक्टर द्वारा 29 सितंबर की तारीख कार्रवाई के लिये निर्धारित की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को कलेक्टर, एसपी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल ग्राम चक्र बगोनिया पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में खसरा नंबर 70 की रोवर मशीन से नपती कर भूमि की वास्तविक सीमा निर्धारित की गई। कार्रवाई के दौरान सीमावर्ती किसानों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा भी तैयार किया गया। कलेक्टर ने बताया कि आवेदिका मालती आदिवासी ने भूमि का कब्जा प्राप्त कर लिया है। मालती आदिवासी ग्राम चक्र बगोनिया की कृषक हैं। सीमावर्ती किसानों को कार्रवाई के संबंध में पहले ही नोटिस तामील किये जा चुके थे। नपती और सीमांकन की कार्रवाई पूरी कर उन्हें कब्जा प्रदान कर दिया है। अब वह अपनी भूमि पर स्वतंत्र रूप से कृषि कार्य कर सकेंगी। कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी, एसडीओपी, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारियों का दल सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आदिवासी महिला को जमीन का कब्जा दिलाया,रोवर मशीन से नपती करवाकर, पत्थर की मुंडियां गड़वाकर ट्रैक्टर से कराई खेत की जुताई
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







