सागर। अग्निवीर सेना भर्ती रैली के दौरान ड्यूटी से बिना सूचना गायब मिले तीन सहायक उपनिरीक्षकों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कार्रवाई की है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे सामने आई जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन से भर्ती स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात एएसआई सुदेश कुमार, एएसआई शैलेंद्र सिंह और एएसआई महेन्द्र सिंह निरीक्षण के दौरान अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले।
बताया गया कि तीनों पुलिसकर्मी बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित थे। मामले में पुलिस अधीक्षक ने तीनों से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था। उनके द्वारा दिए गए जवाबों को संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद लापरवाही को लेकर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने तीनों एएसआई पर 5-5 हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों और भर्ती जैसी जिम्मेदार ड्यूटी में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा इस तरह की अनुपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।








