बस स्टैंड के पास शराब की होम डिलीवरी करते आरोपी को आबकारी टीम ने पकड़ा
स्कूटी से शराब पहुंचाने की कोशिश में गिरफ्तारी, वाहन समेत करीब 80 हजार रुपए की सामग्री जब्त; पुराने आबकारी मामलों का रिकॉर्ड भी मिला
सागर। शहर में अवैध शराब की बिक्री और घर तक शराब पहुंचाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए कृष्णगंज वार्ड निवासी सोहिल खान उर्फ सोनू पिता इशाक खान, उम्र 31 वर्ष, को गिरफ्तार किया है। आबकारी टीम ने आरोपी को बस स्टैंड क्षेत्र में स्कूटी के जरिए शराब पहुंचाते हुए पकड़ा।
आरोपी के पास से सिग्नेचर व्हिस्की की एक बोतल बरामद हुई। इसके साथ ही शराब ले जाने में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी क्रमांक एमपी 15 जेडएल 4154 को भी जब्त कर लिया गया। विभाग के मुताबिक जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए है।
आबकारी विभाग को 6 अक्टूबर की देर शाम सूचना मिली थी कि शहर में फोन पर शराब का ऑर्डर लेकर अवैध रूप से होम डिलीवरी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में निगरानी शुरू की। इसी दौरान सोहिल खान स्कूटी से शराब लेकर वहां पहुंचा, जहां मौजूद आबकारी टीम ने उसे पकड़ लिया।
मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान उसके पुराने आबकारी मामलों की जानकारी भी विभाग के सामने आई।
रिकॉर्ड के मुताबिक गोपालगंज थाने में 21 जनवरी 2019 को अपराध क्रमांक 34/2019 के तहत धारा 34(1) में मामला दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में न्यायालय ने एक हजार रुपए का अर्थदंड लगाया था। इसी तरह अपराध क्रमांक 240/2015, रिकॉर्ड में 240/2019 में भी धारा 34(1) के तहत कार्रवाई दर्ज है। इस मामले में 14 अक्टूबर 2019 को न्यायालय ने एक हजार रुपए का अर्थदंड लगाया था।
इसके अलावा अपराध क्रमांक 274/2019 में 15 अगस्त 2019 को धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में 27 अगस्त 2022 को न्यायालय ने 500 रुपए का अर्थदंड लगाया था।
वर्तमान कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की अवैध होम डिलीवरी के काम में आरोपी के अलावा और कौन लोग शामिल हैं। साथ ही शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कोई नेटवर्क सक्रिय है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक राजेंद्र बिलावर, प्रभारी वृत्त दक्षिण, आबकारी उपनिरीक्षक एसपी साकेत और आबकारी आरक्षक दिलीप सिंह ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








