4 साल से जर्जर सड़क, बारिश में कीचड़ बनी मुसीबत! मेनपानी के ग्रामीणों का सवाल,कब बनेगी सड़क ?
सागर। जनपद पंचायत सागर अंतर्गत नरयावली विधानसभा की ग्राम पंचायत मेनपानी में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के भीतर सड़क करीब चार साल से खराब है और बारिश के दौरान जगह-जगह कीचड़ व गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ गर्भवती महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई और सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। बुधवार को जनपद सदस्य संजय मोंटी यादव ने ग्रामीणों की समस्या मीडिया के सामने रखते हुए बताया कि सड़क का मुद्दा ग्राम सभा में भी कई बार उठाया जा चुका है।
इधर, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि सड़क की समस्या उनके संज्ञान में आई है और जल्द ही जर्जर सड़क के निर्माण का काम कराया जाएगा। अब ग्रामीणों को सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार है।








