तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवारों को रौंदा, दो की दर्दनाक मौत, करीब 200 मीटर तक कंटेनर के नीचे घिसटती रही बाइक
सागर/मालथौन। बांदरी थाना क्षेत्र के रजवांस में नेशनल हाईवे.44 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक कंटेनर के नीचे फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार शेर सिंह आदिवासी निवासी बंद्रावठा और मिथिलेश आदिवासी निवासी तिगरा खुर्द, चौकी रजवांस बाइक से बंडा क्षेत्र के बछरावनी गांव में रिश्तेदार के गमी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। दोनों मृतक आपस में समधी बताये जा रहे हैं। रजवांस नगर में पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे की पुलिया पर उनकी बाइक तेज रफ्तार कंटेनर क्र. एनएल 01 डीए 2636 की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर के नीचे बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। दर्दनाक हादसे के बाद रजवांस सहित आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि नेशनल हाईवे.44 रजवांस क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से आये दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पेट्रोल पंप के पास स्थित पुलिया पर यातायात के दबाव को देखते हुये ओवरब्रिज की आवश्यकता है। वहीं रजवांस में पहले से बने ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड नहीं होने से स्थानीय लोगों और आसपास के गांवों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को हाईवे पर ही आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार यह क्षेत्र दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील बन गया है और पूर्व में भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई से रजवांस क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने पेट्रोल पंप के पास पुलिया पर ओवरब्रिज का निर्माण कराने तथा मौजूदा ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड बनाने की मांग रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक निर्माण कार्य और सुरक्षा इंतजाम किये जायें तो ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से भी हादसे की बारीकी से जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








