सागर : एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर 28.75 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
सागर। एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर एक आयुर्वेदिक डॉक्टर से 28.75 लाख रुपए की ठगी का मामला मोतीनगर थाना क्षेत्र में सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के अनुसार फरियादी माधव गोविंद गुप्ता निवासी मोहन नगर वार्ड ने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी रामकुमार उपाध्याय निवासी चमेली चौक ने उनके बेटे का मेडिकल कॉलेज में प्रवेश कराने का दावा किया था। आरोपी ने राजनीतिक पहुंच और मेडिकल कॉलेजों में पहचान होने का झांसा देकर वर्ष 2022 से 2023 के बीच नकद 26 लाख रुपए ले लिए, जिसके लिए फरियादी को अपना मकान तक गिरवी रखना पड़ा। बाद में आरोपी ने 2.75 लाख रुपए और वसूल किए।
वर्ष 2023 में बेटे के अच्छे अंक आने पर उसका प्रवेश महावीर मेडिकल कॉलेज, भोपाल में स्वयं ही हो गया, इसके बावजूद आरोपी ने ली गई रकम वापस नहीं की। बार-बार मांग के बाद भी आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
फरियादी की शिकायत पर मोतीनगर पुलिस ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया है।








