दो साल तक धमकाता रहा, पार्क ले जाकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप; आरोपी जेल भेजा गया
सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आदर्श दुबे, निवासी पुरव्याऊ टोरी, सागर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 20 जुलाई को नाबालिग ने शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता का बहुत पहले निधन हो चुका था, वह अपने दादा के साथ रहती है। आरोपी करीब दो साल से उससे बातचीत करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि बातचीत से इनकार करने पर आरोपी ने उसे और उसके दादा को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इसी डर के कारण वह आरोपी से बातचीत करती रही।शिकायत में नाबालिग ने आरोप लगाया कि करीब एक माह पहले आरोपी उसे डरा-धमकाकर शहर के एक पार्क में ले गया, जहां कोई नहीं था मौका पाकर उसके साथ ग़लत काम किया। इसके बाद भी आरोपी उसे धमकाता रहा और उससे बातचीत करने का दबाव बनाता रहा।
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद नाबालिग परिजनों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 65(1), 351(3), 137(2), 78 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।








