अवैध पटाखों के भंडारण पर कार्रवाई, दो मकानों से 11 बोरी पटाखे जब्त,तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जब्त पटाखों की कीमत करीब 50 हजार
सागर/बंडा। दीपावली पर्व से पहले अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिये प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को बंडा में तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम ने रहवासी क्षेत्रों में स्थित दो मकानों पर कार्रवाई करते हुये कुल 11 बोरी पटाखे जब्त किये। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों में हलचल देखी गई। तहसीलदार मोहित जैन ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर पटाखा विक्रय के लिये लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान जांच के लिये प्रशासनिक टीम ने संबंधित स्थानों पर कार्रवाई की। जांच में रहवासी क्षेत्र के दो मकानों में बिना वैध अनुमति के पटाखों का भंडारण पाया गया। कार्रवाई के दौरान वार्ड क्र. 7 निवासी विनीत साहू पिता कृष्ण कुमार साहू के मकान से करीब नौ बोरी पटाखे बरामद किये गये। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है। वही वार्ड क्र. 14 निवासी बिट्ठू उर्फ अभिषेक साहू पिता भोले साहू के मकान से दो बोरी पटाखे जब्त किये गये, जिनकी कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 11 बोरी पटाखे जब्त किये गये। प्रशासनिक टीम ने जब्त सामग्री पुलिस के सुपुर्द कर दी है। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तहसीलदार मोहित जैन ने स्पष्ट किया कि पटाखों के भंडारण और विक्रय के लिये निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। लाइसेंस प्राप्त होने से पहले पटाखों का क्रय-विक्रय नहीं किया जाना चाहिये। रहवासी क्षेत्रों में बिना अनुमति पटाखे या विस्फोटक सामग्री रखना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर विषय है। दीपावली के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के कारण अवैध भंडारण और असुरक्षित बिक्री से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुये प्रशासन द्वारा जांच एवं निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण या कारोबार न करें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
अवैध पटाखों के भंडारण पर कार्रवाई, दो मकानों से 11 बोरी पटाखे जब्त,तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जब्त पटाखों की कीमत करीब 50 हजार
अवैध पटाखों के भंडारण पर ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







