माफियाओं और अवैध गतिविधियों पर प्रशासन का शिकंजा,पांच रिसॉर्ट, होटल और ढाबों पर छापा, अनियमिततायें मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई
सागर। जिले में मिलावटखोरी, बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व, पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम रूसल्ला और बहेरिया क्षेत्र में संचालित रिसॉर्ट, होटल एवं ढाबों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य स्वच्छता, वैधानिक दस्तावेजों, सुरक्षा मानकों और राजस्व संबंधी नियमों में गंभीर कमियां पाये जाने पर पांच व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया। संयुक्त टीम ने पाथवे रिट्रीट रिजॉर्ट, होटल जलसा एंड रेस्टोरेंट, सत्यम ढाबा रेस्टोरेंट एंड रेसीडेंसी, सुरुचि होटल एवं हाईवे हब का निरीक्षण किया। कई प्रतिष्ठानों के किचन में साफ सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली, वही आवश्यक वैधानिक दस्तावेज एवं अनुमतियां भी मौके पर प्रस्तुत नहीं की जा सकी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिये प्रयोगशाला भेजे। पाथवे रिट्रीट रिजॉर्ट से पनीर, चटनी दाल एवं मूंगफली, होटल जलसा से अजवाइन, बटर एवं चिकन तथा सत्यम ढाबा से पनीर एवं तुअर दाल के नमूने लिये गये हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दस्तावेजों और अनुमतियों की भी जांच
प्रशासनिक जांच में प्रतिष्ठानों द्वारा फायर एनओसी, भवन निर्माण अनुज्ञा, स्थानीय निकाय की अनुमति, व्यवसायिक उपयोग के लिए, भूमि डायवर्जन आदेश तथा नगर एवं ग्राम निवेश विभाग से स्वीकृत ले.आउट जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये जा सके। कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य संबंधी वैध पंजीयन भी उपलब्ध नहीं पाया गया।
उपभोक्ताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा, भवन एवं भूमि उपयोग संबंधी नियमों का पालन कराना प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए पांचों प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से सील किया गया। कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी सागर राजस्व रोहित वर्मा, तहसीलदार सागर संदीप तिवारी, नायब तहसीलदार नरयावली, नायब तहसीलदार रतोना, नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया, थाना प्रभारी मकरोनिया, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्का पटवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा है कि खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट एवं दस्तावेजों की जांच के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राजस्व एवं अन्य प्रचलित कानूनों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी।
माफियाओं और अवैध गतिविधियों पर प्रशासन का शिकंजा,पांच रिसॉर्ट, होटल और ढाबों पर छापा, अनियमिततायें मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई
माफियाओं और अवैध गतिविधियों पर ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







