पति को लेकर दो पत्नियों में भिड़ंत, विवाद बढ़ा तो मारपीट,एक महिला गंभीर घायल
इंदौर। शहर के चंदननगर थाना क्षेत्र में पति को लेकर दो महिलाओं के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों महिलाओं के बीच हाथापाई हो गई। इस दौरान एक महिला को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल घायल महिला का इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना चंदननगर इलाके के गीतानगर की है। यहां रहने वाली ताहेरा शाह ने अपने पति वारिस अली की दूसरी पत्नी साइना के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है।
बताया गया है कि गुरुवार को वारिस अली अपने घर पर मौजूद था। उसी दौरान साइना वहां पहुंच गई। घर आने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई।
इसी बीच ताहेरा शाह ने दोनों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ गए। आरोप है कि इसी दौरान साइना ने गुस्से में आकर ताहेरा पर हमला कर दिया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान साइना ने ताहेरा को लात मारी, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट लग गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी बीच वारिस अली ने किसी तरह दोनों को अलग कराया।
घटना के बाद घायल ताहेरा को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है।
एमवाय अस्पताल में पुलिस ने ताहेरा के बयान दर्ज किए हैं। चंदननगर थाना पुलिस ने आरोपी महिला साइना के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।








