अवैध पटाखों के खिलाफ जिले भर में अभियान, 3.69 लाख रुपये के पटाखे जब्त,100 से अधिक स्थानों पर एक साथ चेकिंग, आठ थाना क्षेत्रों में 10 प्रकरण दर्ज
सागर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिये जिले भर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर चलाये गये इस अभियान के तहत 100 से अधिक स्थानों पर एक साथ चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान 10 प्रकरणों में लगभग 3 लाख 69 हजार 790 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किये गये। पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पटाखों की बिक्री और भंडारण की जांच की। बंडा, कोतवाली, मकरोनिया, बहेरिया, कैंट, मोतीनगर, बीना और खुरई शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुये संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। अवैध पटाखों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बंडा पुलिस ने विनीत साहू से लगभग 35 हजार रुपये, कोतवाली पुलिस ने राकेश केसरवानी से 2890 रुपये तथा मयंक जैन से 25,650 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किये। मकरोनिया पुलिस ने लालजी केसरवानी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुये करीब 2 लाख के पटाखे जब्त किये। इसी तरह बहेरिया पुलिस ने संभव जैन से 12 हजार और वसीम खान से 11,900 रुपये, कैंट पुलिस ने दुलारे पटेल से 25 हजार तथा मोतीनगर पुलिस ने बाला उर्फ बालचंद सिंधी से 50 हजार कीमत के पटाखे जब्त किये। बीना पुलिस ने मयंक से 2350 और खुरई शहर पुलिस ने गणेश विश्वकर्मा से 5 हजार कीमत के पटाखे जब्त किये। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाया गया यह अभियान त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। पुलिस द्वारा संदिग्ध स्थानों की जांच के साथ पटाखों की बिक्री एवं भंडारण पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने पटाखा कारोबारियों से निर्धारित नियमों और आवश्यक अनुमतियों के अनुसार ही खरीद बिक्री, भंडारण एवं परिवहन करने की अपील की है। पुलिस ने आमजन से भी अवैध गतिविधियों की सूचना देने और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
अवैध पटाखों के खिलाफ जिले भर में अभियान, 3.69 लाख रुपये के पटाखे जब्त,100 से अधिक स्थानों पर एक साथ चेकिंग, आठ थाना क्षेत्रों में 10 प्रकरण दर्ज
अवैध पटाखों के खिलाफ जिले ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







