सागर पीएम आवासों की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का धरना,कनेरा देव कॉलोनी में भ्रष्टाचार के आरोप, 15 दिन में कार्रवाई नहीं तो निगम घेराव की चेतावनी
सागर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कनेरा देव कॉलोनी में निर्मित आवासों की बदहाल स्थिति और कथित अनियमितताओं के विरोध में जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को नगर निगम के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की और निगमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कनेरा देव कॉलोनी में निर्मित मकानों की गुणवत्ता खराब है। कई मकानों में प्लास्टर उखड़ने, छतों से पानी टपकने और दीवारों में दरारें आने जैसी समस्यायें सामने आ रही हैं। कॉलोनी में नालियों के जाम होने, जलभराव और गंदगी की समस्या भी बताई गई। महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस गरीबों के हक की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं हुआ और कम समय में ही मकानों की स्थिति खराब हो गई। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, भुगतान और संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। बाबू सिंह बब्बू यादव ने कहा कि कनेरा देव कॉलोनी की समस्याओं का मुद्दा नगर निगम परिषद में भी उठाया जा चुका है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुये निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और पूरी कॉलोनी का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने की मांग की। पार्षद शिव शंकर गुड्डू यादव ने कहा कि कनेरा देव कॉलोनी की स्थिति को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिये। आवासों में रहने वाले हितग्राहियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी नगर निगम की है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी ने कहा कि कॉलोनी में रहने वाली महिलाओं को भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आवासों की मरम्मत और मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की गई तो हितग्राहियों के साथ नगर निगम का घेराव कर आंदोलन किया जायेगा। धरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने निगमायुक्त को ज्ञापन सौंपा। संचालन पवन पटेल ने किया तथा आभार आनंद हेला ने माना। धरने में सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, प्रदीप गुप्ता, चैतन्य कृष्ण पांडे, प्रवक्ता कमलेश तिवारी, नरेंद्र मिश्रा, ताहिर खान, रोशनी वसीम खान, सागर साहू, ऋचा सिंह, नीलेश अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सागर पीएम आवासों की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का धरना,कनेरा देव कॉलोनी में भ्रष्टाचार के आरोप, 15 दिन में कार्रवाई नहीं तो निगम घेराव की चेतावनी
सागर पीएम आवासों की बदहाली ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







