बहेरिया गांव में देर रात हुआ विवाद, गंभीर चोट लगने से राहुल अहिरवार की मौत; पुलिस ने अशोक अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरिया में बीती रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां एक युवक ने अपने ही ममेरे भाई पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय राहुल अहिरवार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बहेरिया निवासी अशोक अहिरवार का किसी बात को लेकर उसके ममेरे भाई राहुल अहिरवार से विवाद हो गया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान अशोक ने राहुल पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले में राहुल को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सुबह मृतक राहुल के पिता गौरझामर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। देवरी एसडीओपी अरुण संध्या उइके ने बताया कि ग्राम बहेरिया में अशोक अहिरवार द्वारा अपने ममेरे भाई राहुल अहिरवार पर सब्बल से हमला किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले बहस हुई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ा और हमला किया गया। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।








