इंस्टाग्राम दोस्ती से शुरू हुई दरिंदगी, शादी के झांसे में युवती का दो साल तक शोषण
रीवा। सोशल मीडिया पर की गई एक दोस्ती एक युवती के लिए गंभीर मानसिक और शारीरिक पीड़ा का कारण बन गई। इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान के बाद सतना जिले के नागौद क्षेत्र के रहने वाले युवक ने युवती का भरोसा जीतकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2023 में उसकी पहचान नागौद निवासी अवधेश रजक से इंस्टाग्राम पर हुई थी। ऑनलाइन बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई। इसी दौरान आरोपी युवती से मिलने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय परिसर पहुंचा। युवक को दोस्त मानकर पीड़िता उसे अपने किराए के कमरे पर ले गई, जहां उसके अकेलेपन का फायदा उठाते हुए आरोपी ने शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने इस दौरान उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसे डराता-धमकाता रहा और करीब दो वर्षों तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब युवती ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया तो उसने बदले की नीयत से युवती के कुछ अंतरंग फोटो सोशल मीडिया पर साझा कर दिए।
घटना से टूट चुकी पीड़िता ने आखिरकार साहस जुटाकर विश्वविद्यालय थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अग्निवीर अवधेश रजक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
विश्वविद्यालय थाना पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








