बरा में दबंगई! सरपंच प्रतिनिधि को बाइक से गिराकर बेरहमी से पीटा,मारपीट का वीडियो वायरल, ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाया, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
सागर। ग्राम पंचायत बरा के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ कथित रूप से विद्युत मंडल के कर्मचारियों द्वारा बेरहमी से मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह किसी कार्य से मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से उन्हें घेर लिया और मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया। इसके बाद उनके साथ जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद भी काफी देर तक उनके साथ मारपीट होती रही। घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को लगी, वे घटनास्थल पर पहुंचे और किसी तरह लक्ष्मण सिंह को बचाया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण सिंह ने बताया जेई संजय भारती, आशीष पांडे, गोलू सेन, इमरान खान ने मेरे साथ मारपीट की, मारपीट में घायल लक्ष्मण सिंह को ग्रामीण वाहन से बण्डा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक तरवर सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल लक्ष्मण सिंह का हाल जाना। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुये कहा कि लक्ष्मण सिंह ग्रामीणों की समस्याओं और उनकी आवाज उठाने वाले सरपंच प्रतिनिधि हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
वीडियो वायरल, अब पुलिस की कार्यवाही पर टिकी नजर
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का सवाल है कि आखिर दिनदहाड़े एक जनप्रतिनिधि के प्रतिनिधि के साथ कथित रूप से मारपीट कैसे होती रही और पुलिस को इसकी जानकारी समय पर क्यों नहीं मिली। अब पीड़ित पक्ष की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कार्यवाही करती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।








