सागर में बीच सड़क पर फांसी के फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सागर। सागर में इन दिनों क्राइम बढ़ते जा रहे है। एक वारदात की गुत्थी सुलझाती नहीं की दूसरी वारदात सामने आ जाती है। अब यह खबर शहर के मोती नगर थाना क्षेत्र के खुरई रोड स्थित गल्ला मंडी के पास की है। जहां बीच सड़क पर लगे एक होर्डिंग पोल पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान हीरालाल पिता परमलाल (उम्र 22 वर्ष) निवासी गल्ला मंडी के रूप में हुई है। राहगीरों ने जब सड़क किनारे लगे पोल पर युवक को झूलता देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मोती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
प्रारंभिक रूप से मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृतक के परिजनों ने कुछ नामजद लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि हीरालाल की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार अब तक मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।








