सागर : रेलवे ट्रैक पर मिला बीटेक छात्र का शव, वीडियो संदेश और सुसाइड नोट से हुआ खुलासा
सागर। खुरई-बीना रेलवे ट्रैक पर लुहर्रा गांव के समीप बुधवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बाद में उसकी पहचान सागर निवासी 25 वर्षीय ऋषभ प्रजापति, पुत्र नत्थूलाल प्रजापति के रूप में हुई। वह बीटेक का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, तीसरी रेल लाइन के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी मौके पर पहुंचे। चूंकि घटनास्थल खुरई देहात थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए रेलवे पुलिस ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। इसके बाद देहात थाना पुलिस ने पहुंचकर पंचनामा सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
मौके की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से सागर से शुजालपुर का रेल टिकट बरामद हुआ। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद शव की पहचान की गई।
मृतक के भाई रवि प्रजापति ने बताया कि ऋषभ मंगलवार शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह फोटोकॉपी कराने जा रहा है। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच रवि के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से ऋषभ का एक वीडियो संदेश प्राप्त हुआ, जिससे स्थिति स्पष्ट हुई।
परिवार के अनुसार, ऋषभ ने आत्महत्या से पहले एक लिखित नोट भी छोड़ा था। अपने संदेश में उसने लिखा था कि वह हमेशा के लिए घर छोड़कर जा रहा है और उसे तलाश न किया जाए। उसने यह भी उल्लेख किया कि पेटी में रखी ‘आत्म ज्ञान’ विषयक किताब में एक नोट है, जिसे पढ़ लिया जाए। उसने अपनी मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताया और माता-पिता से अपना ध्यान रखने की बात कही। साथ ही मोबाइल फेंकने और लैपटॉप का पासवर्ड “1289” होने की जानकारी भी दी।
बताया जा रहा है कि ऋषभ ने अपने भाई को दो वीडियो भेजे थे। पहले वीडियो में उसने कहा कि घर छोड़ने का निर्णय उसका अपना है और इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार है। दूसरे वीडियो में उसने संकेत दिया कि उसे खुरई के आगे रेल लाइन पर तलाशा जाए।
खुरई देहात थाने के प्रधान आरक्षक रमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घर से मिला सुसाइड नोट और भेजे गए वीडियो संदेश भी जांच का हिस्सा बनाए गए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।








