सागर : जंगल में मिला युवक का शव, जांच में खुला प्रेम प्रसंग का राज; प्रेमिका समेत तीन पुलिस हिरासत में
सागर। रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के जंगल में मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्या की साजिश मृतक की पूर्व प्रेमिका ने ही अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बीते दिन रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के जंगल में एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान सागर निवासी विकास सिंह राजपूत के रूप में हुई थी। घटनास्थल से पुलिस को मृतक की मोटरसाइकिल बरामद हुई थी, जबकि युवक के शरीर पर चाकुओं से कई वार किए गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक विकास सिंह राजपूत और उसकी पूर्व प्रेमिका मेघा अहिरवार पहले एक साथ अगरबत्ती बनाने का काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। बाद में मेघा की नौकरी दमोह जिले में पोस्ट ऑफिस में लग गई, जहां उसकी मुलाकात जैसीनगर निवासी अजय यादव से हुई।
धीरे-धीरे मेघा और अजय के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद मेघा ने विकास से दूरी बनानी शुरू कर दी। जब इस बात की जानकारी विकास को लगी तो दोनों के बीच विवाद होने लगा।
बताया जा रहा है कि होली के दिन विकास ने मेघा से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है और उसे लेने आ रहा है। इसकी जानकारी मेघा ने अजय यादव को दे दी। इसके बाद अजय ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर विकास को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
योजना के तहत तीनों ने विकास को रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के पास बुलाया और वहां चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए थे।
पुलिस ने मामले की गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।








