बीना-सागर हाईवे पर गहरे गड्ढे, पटवारी समेत 4 घायल,सागर से आ रहे थे वापस, टोल वसूली के बावजूद सड़क खराब
बीना। बीना-सागर नेशनल हाईवे 934 पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिये खतरनाक बने हुये हैं। सड़क की खराब हालत के कारण आये दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। मंगलवार रात सागर से लौट रहे पटवारी हल्का नंबर.1 शुभम शुक्ला की बाइक सड़क के गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में उनके हाथ पैर में फ्रैख्र हो गया। उन्हें इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी दिन जरुआखेड़ा निवासी अरविंद विश्वकर्मा, निक्की चौबे और गौरव प्रजापति भी अपनी बाइक के साथ सड़क के गड्ढे में गिरकर घायल हो गये। तीनों को भी अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर गड्ढे इतने गहरे हो गये हैं कि रात के समय वाहन चालकों को इनका अंदाजा नहीं लग पाता। अचानक बाइक या दूसरे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। सड़क की खराब हालत को लेकर जरुआखेड़ा निवासी अमित कटारे ने 12 अगस्त को मप्र शासन के लोकपथ ऐप पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत का नंबर 16249 है। अमित का आरोप है कि शिकायत के बाद भी मौके पर सड़क की असली मरम्मत नही की गई। अमित कटारे ने बताया कि शिकायत करने के बाद उन्हें ठेकेदार की तरफ से धमकाया भी गया। उनका आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने लोकपथ ऐप पर सड़क की मरम्मत का फोटो अपलोड कर शिकायत का समाधान दिखा दिया। जबकि मौके पर आज तक उन गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई है। पहली शिकायत के बाद भी सड़क की स्थिति नहीं सुधरने पर अमित कटारे ने बुधवार को इसी स्थान सहित दो अन्य जगहों पर सड़क के गड्ढों को लेकर लोकपथ ऐप पर दोबारा शिकायत दर्ज कराई। इन शिकायतों के क्र. 18607 और 18608 हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कर दी जाती तो लगातार हो रहे हादसों को रोका जा सकता था। सागर-बीना मार्ग पर वाहन चालकों से टोल टैक्स की वसूली भी की जा रही है। इसके बावजूद सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुये हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब वाहन चालकों से सड़क के उपयोग के लिये टोल वसूला जा रहा है तो सड़क की नियमित मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग और ठेकेदार की है। लोगों ने मांग की है कि हादसों को रोकने के लिये गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाये। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के संभागीय ईई अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश शुरू होने से पहले संबंधित सड़क के गड्ढों को भरवाया गया था। लगातार बारिश होने के कारण सड़क पर दोबारा गड्ढे हो गये हैं। एक-दो दिन में गड्ढों की मरम्मत का कार्य पूरा करा दिया जायेगा।
बीना-सागर हाईवे पर गहरे गड्ढे, पटवारी समेत 4 घायल,सागर से आ रहे थे वापस, टोल वसूली के बावजूद सड़क खराब
बीना-सागर हाईवे पर गहरे गड्ढे, ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







