सागर : शराबी ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से गैस भरा ट्रक घर में घुसा, बड़ा हादसा टला
सागर/मालथौन। मालथौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत अण्डेला गांव में एक भीषण सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। नशे में धुत एक ट्रक चालक की लापरवाही के कारण गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर रिहायशी मकान में जा घुसा।
गनीमत रही कि घर की चारदीवारी पर लगे एक विशाल पेड़ ने ट्रक की रफ्तार रोक दी, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। एक और ट्रक ड्राइवर की एक बड़ी लापरवाही सामने आई की नशे में धुत होने के साथ साथ में एक 5 साल के बच्चे को साथ लिये हुये था। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडेन गैस डिपो गुना से सिलेंडरों से भरा एक ट्रक मालथौन स्थित गैस एजेंसी जा रहा था। गंतव्य से मात्र 8 किलोमीटर पहले अण्डेला में ट्रक अनियंत्रित होकर वीरेंद्र घोषी के घर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रास्ते में आये पेड़ के तीन टुकड़े हो गये। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गये। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर देखा कि कोई ट्रक की चपेट में तो नहीं आया है। घटना की सूचना मिलते ही मालथौन थाना प्रभारी नवीन जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से ट्रक क्र. आरजे 01 जीसी 5801 को अपने घेरे में लिया और नशे में धुत चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिये भेजा। एक तरफ जहां क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत चल रही है, वहीं इस हादसे ने विभाग की चिंता बढ़ा दी थी। खबर मिलते ही गैस एजेंसी संचालक भी मौके पर पहुंचे और ट्रक में लदे सिलेंडरों को अन्य वाहनों की मदद से सुरक्षित गोदाम तक पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
सुरक्षा मानकों की उड़ी धज्जियांः जनता
की जान से खिलवाड़
इस हादसे ने गैस परिवहन के सुरक्षा मानकों पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। सवाल यह उठता है कि क्या ऐसे नशेड़ी ड्राइवरों के भरोसे गैस से भरे विस्फोटकों का परिवहन कराया जा रहा है। रसोई गैस एक अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ है और ऐसे में एक शराबी चालक के हाथ में स्टेयरिंग सौंपना न केवल लापरवाही है, बल्कि सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान को जोखिम में डालना है।
नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे वाहन
पेट्रोलियम पदार्थों और गैस सिलेंडरों को ले जाने वाले वाहनों के लिये सख्त नियम हैं कि चालक पूरी तरह प्रशिक्षित और मानसिक रूप से सतर्क होना चाहिये। लेकिन मालथौन की इस घटना ने साफ कर दिया है कि डिपो से निकलते समय या रास्ते में ड्राइवरों की कोई सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय ग्रामीणों ने रोष जताते हुये मांग की है कि ऐसे लापरवाह ड्राइवरों और संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनी पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिये, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा लापरवाही न दोहराई जाये।
परिवार की आपबीतीः मौत के साये में था परिवार
घटना के समय घर के अंदर मौजूद पीड़ित वीरेंद्र घोषी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 9.30 बजे हुआ। उन्होंने कहा हम सभी परिवार के लोग घर के अंदर थे, तभी अचानक एक बहुत जोर की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो दंग रह गये, एक बड़ा पेड़ जमींदोज हो चुका था और गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक हमारे घर में घुसा खड़ा था। ट्रक ड्राइवर भयंकर नशे में धुत था और उसके साथ ट्रक में एक छोटा बच्चा भी बैठा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि घर की बाउंड्री पर लगा पेड़ तीन टुकड़ों में बंट गया दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। अगर पेड़ नहीं होता, तो ट्रक सीधे कमरों को टक्कर मारता और बड़ी जनहानि हो सकती थी।
इनका कहना है-
ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ हैं, गनीमत रही बड़ा हादसा टल गया, किसी प्रकार से हताहत नहीं हुआ। ड्राइवर ने बताया नींद का झोंका आने के कारण हादसा हो गया। उसके साथ मे छोटा बच्चा भी था। ट्रक ड्राइवर का मेडिकल कराया है उसमें क्लीयर हो जायेगा।
– नवीन जैन, टीआई थाना मालथौन
सागर : शराबी ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से गैस भरा ट्रक घर में घुसा, बड़ा हादसा टला
सागर : शराबी ट्रक ड्राइवर ...
[post_dates]

संपादक







