ब्रेक फेल होते ही रेत से भरा डंपर पलटा, बाल-बाल टला बड़ा हादसा
खुरई। खुरई-राहतगढ़ रोड पर स्थित बीना नदी के मालाघाट पर बुधवार को एक रेत से भरा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी के अनुसार डंपर क्र. एमपी 04 जेडजी 5649 रायसेन जिले से रेत भरकर खुरई की ओर आ रहा था। राहतगढ़-खुरई रोड पर मालघाट के पुल की चढ़ाई चढ़ते समय अचानक उसके ब्रेक फेल हो गये। डंपर अनियंत्रित होकर पुल के पास पलट गया। यदि डंपर बीना नदी में गिर जाता तो यह एक बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि घटना के समय पुल पर कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रत्यक्षदर्शी रामऋषि गौतम ने बताया कि डंपर के ब्रेक फेल होने के बाद वह पलट गया। क्षेत्र में इन दिनों रेत से भरे वाहन बे-खौफ होकर ओवरलोड दौड़ रहे हैं। ये वाहन नियमों को ताक पर रखकर क्षमता से दोगुने रेत भरकर सड़कों पर फर्राटा भरते हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीण रानू पटेल ने बताया कि ओवरलोड रेत वाहनों के कारण सड़कें खराब हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई बार तेज रफ्तार और अधिक वजन के कारण वाहन अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार हो चुके हैं।








