सागर: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के खाते से ₹1.76 लाख पार, बैंक मैसेज तक नहीं आया
सागर। साइबर ठगों ने इस बार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को निशाना बनाया है। उनके बैंक खाते से तीन ट्रांजेक्शन के जरिए 1 लाख 76 हजार 902 रुपए निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह है कि रकम निकलने के बाद भी उनके मोबाइल पर बैंक से कोई मैसेज नहीं आया। ठगी का पता चलने पर बुधवार दोपहर 1 बजे बेटे के साथ उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन का कटरा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में करीब 80 वर्षों से खाता है। इसी खाते में उनकी पेंशन आती है। मंगलवार को उनके बेटे संतोष जैन बैंक पहुंचे और खाते की जानकारी ली तो उसमें जमा राशि कम मिली। बैंक से जानकारी लेने पर तीन ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाले जाने की बात सामने आई।
संतोष जैन के अनुसार पहले ट्रांजेक्शन में 1 लाख रुपए, दूसरे में 2 रुपए और तीसरे ट्रांजेक्शन में 76 हजार 900 रुपए निकाले गए। कुल 1 लाख 76 हजार 902 रुपए खाते से गायब हैं।
उन्होंने बताया कि उनके पिता यह राशि मंदिर में दान करने के लिए जमा कर रहे थे। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने खाते से रकम निकाल ली। पैसे निकलने के दौरान न तो मोबाइल पर कोई मैसेज आया और न ही किसी तरह का फोन या कॉल प्राप्त हुआ।
ठगी का पता चलने के बाद ताराचंद जैन और उनके बेटे ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। साइबर सेल ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।








