एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी, 6,525 अभ्यर्थी चयनित,जाने कब होगी नियुक्ति प्रक्रिया
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 का इंतजार खत्म हो गया है। गुरुवार को मप्र कर्मचारी चयन बोर्ड (ESB) ने अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस भर्ती में कुल 7,500 पद निर्धारित थे, जिनमें से 6,525 अभ्यर्थियों को अंतिम चयन सूची में जगह मिली है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 9.78 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।
भर्ती की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की गई। पहले चरण का रिजल्ट 25 जनवरी को जारी हुआ था, जिसमें 57,985 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए योग्य घोषित किया गया। इसके बाद 23 फरवरी से 14 मार्च 2026 के बीच राज्य के 10 जिलों में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। इसी परीक्षा के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई।
कहां होगी नियुक्ति
जारी परिणाम के मुताबिक चयनित अभ्यर्थियों में से 5,916 उम्मीदवारों को जिला पुलिस बल में नियुक्त किया जाएगा, जबकि 609 अभ्यर्थी विशेष सशस्त्र बल (SAF) का हिस्सा बनेंगे।
टॉप-10 में ओबीसी वर्ग आगे
इस बार की मेरिट सूची में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन खास रहा। टॉप-10 में 7 उम्मीदवार ओबीसी वर्ग से हैं। वहीं कुल टॉप-10 में 8 पुरुष और 2 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा अनारक्षित और अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवारों ने भी अच्छी रैंक हासिल की है।
ऐसे हुई पूरी परीक्षा
पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 30 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2025 के बीच प्रदेश के 11 शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में आयोजित की गई थी।
नॉर्मलाइजेशन के आधार पर तैयार हुआ परिणाम
कर्मचारी चयन बोर्ड के अनुसार, अंतिम रिजल्ट नॉर्मलाइजेशन पद्धति के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों के अंकों को शामिल किया गया है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
अब आगे क्या
रिजल्ट जारी होते ही नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मई 2026 के अंत तक सभी चयनित उम्मीदवारों की जॉइनिंग पूरी करने की तैयारी है। यदि कोई अभ्यर्थी जॉइन नहीं करता है, तो उसकी जगह प्रतीक्षा सूची में शामिल उम्मीदवारों को अवसर दिया जाएगा।








