ऐतिहासिक स्वरूप लेने जा रहा चतुर्थ निःशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन,मां कर्मा देवी जयंती पर भव्य आयोजन की तैयारियां तेज
प्रत्येक जोड़े को मिलेंगे लगभग ₹1 लाख के उपहार, सामूहिक विदाई बनेगी आकर्षण का केंद्र
सागर। युवा मंडल साहू समाज द्वारा आयोजित चतुर्थ निःशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन 2026 इस वर्ष ऐतिहासिक स्वरूप लेने जा रहा है। साहू सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में सम्मेलन की अंतिम रूपरेखा तय की गई। बैठक में समाजजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को लेकर उत्साह और प्रतिबद्धता को स्पष्ट किया।
बैठक में मां कर्मा देवी जयंती के अवसर पर होने वाले सम्मेलन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पंजीयन, बारात, मंच संचालन, भोजन, अतिथि सत्कार, आवास, उपहार वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विदाई समारोह के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सम्मेलन की सबसे विशेष घोषणा यह रही कि प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को लगभग एक लाख रुपये की गृहस्थी सामग्री प्रदान की जाएगी। इसमें लगभग 40 हजार रुपये की सामग्री युवा मंडल द्वारा, 50 हजार रुपये की सामग्री समाज के समाजसेवियों द्वारा तथा शेष सहयोग महिला मंडल द्वारा दिया जाएगा।
अब तक 23 बेटियों का विवाह संपन्न करा चुका है युवा मंडल
गौरतलब है कि युवा मंडल साहू समाज पिछले तीन वर्षों में 23 बेटियों का कन्यादान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभा चुका है। समाज के जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने और बेटियों को सम्मानपूर्वक नया जीवन देने की दिशा में यह प्रयास लगातार सराहना प्राप्त कर रहा है। आयोजन के तहत सुबह 10 बजे पद्माकर सभागार से साहू सामुदायिक भवन तक बारात निकाली जाएगी। विवाह उपरांत पारंपरिक डोली विदाई एवं एलिवेटेड कॉरिडोर तक सामूहिक कार विदाई का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाजजन अपने-अपने वाहनों के साथ शामिल होंगे। अगली बैठक 6 मार्च को होली मिलन समारोह के रूप में आयोजित होगी।यह जानकारी युवा मंडल के प्रवक्ता शिवम् साहू ने दी।








